अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुरुआत शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि
बस्ती। जनपद में मंगलवार को अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुरुआत श्रद्धा और सम्मान के साथ हुई। इस अवसर पर अग्निशमन विभाग द्वारा शहीद अग्निशमन कर्मियों को नमन करते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। बताया गया कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई में फोर्टर्स्टिकन नामक मालवाहक जहाज में भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई थी, जिसमें अग्निशमन सेवा के 66 जांबाज अधिकारी एवं कर्मचारी कर्तव्य निभाते हुए शहीद हो गए थे। उनकी स्मृति में हर वर्ष 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जाता है।
इसी क्रम में मुख्यालय अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर जनपद बस्ती में भी अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष का थीम सुरक्षित विद्यालय सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज आग की रोकथाम के लिए एक साथ” रखा गया है।मंगलवार को अग्निशमन केंद्र कोतवाली बस्ती हर्रैया रुधौली व भानपुर में मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में शोक परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को याद किया गया। अधिकारियों व कर्मचारियों ने पिन फ्लैग लगाकर उन्हें सम्मानित किया।
इसके बाद मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा अग्निशमन वाहनों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली बस्ती शहर, हर्रैया, रुधौली व भानपुर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगी। साथ ही आमजन को पंपलेट वितरित कर आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि इस सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि जनसामान्य को अग्निकांड से बचाव के उपायों की जानकारी मिल सके और जन-धन की हानि को कम किया जा सके।