जमीन बेचने के नाम पर 5.50 लाख की ठगी, तीन गिरफ्तार

अयोध्या। जनपद के पूराकलन्दर थाना क्षेत्र में जमीन बेचने के नाम पर 5.50 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 12 अप्रैल को आरोपी संजय वर्मा (25) निवासी अरुवावा पूरे निहाल का पुरवा और अंकित यादव (24) निवासी बरवा को उसरू नहर किनारे से गिरफ्तार किया। मामले में प्रकाश में आए तीसरे आरोपी अनिकेत यादव को देर रात मसौधा तिराहे के पास से पकड़ा गया।
थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता राधा शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने उसे मकान निर्माण के लिए जमीन दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने कूटरचित आधार कार्ड के माध्यम से खुद को जमीन का मालिक बताते हुए सौदा तय किया और किस्तों में करीब 5.50 लाख रुपये ले लिए। 7 से 9 जनवरी 2026 के बीच आरोपियों को नगद व ऑनलाइन भुगतान किया गया, लेकिन तय तारीख पर रजिस्ट्री नहीं कराई गई। बाद में संपर्क करने पर आरोपी फरार हो गए। जब पीड़िता ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों और उनके परिजनों ने जान-माल की धमकी देते हुए अभद्र व्यवहार किया। मामले में थाना पूराकलन्दर में केस दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी संजय वर्मा के खिलाफ पूर्व से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।