गर्मी की छुट्टियों में युवा चेतना पुस्तकालय में होंगे विविध शैक्षिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम

बस्ती: गर्मी की छुट्टियों को रचनात्मक और ज्ञानवर्धक बनाने के उद्देश्य से विश्व युवक केंद्र नई दिल्ली और युवा विकास समिति बस्ती द्वारा शहर से सटे मिश्रौलिया में संचालित युवा चेतना पुस्तकालय  द्वारा अप्रैल से जून माह तक विभिन्न शैक्षिक, साहित्यिक एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए विश्व युवक केंद्र नई दिल्ली के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उदय शंकर सिंह  ने बताया कि पुस्तकालय द्वारा बच्चों, छात्रों एवं युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है।

उन्होंने बताया कि बच्चों के लिए बुकमार्क मेकिंग, लाइब्रेरी स्कैवेंजर हंट, आर्ट एंड क्राफ्ट जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे उनकी रचनात्मकता और पुस्तकालय के प्रति रुचि बढ़ेगी। वहीं छात्रों के लिए रीडिंग चैलेंज, क्रिएटिव राइटिंग वर्कशॉप, बुक क्लब, डिजिटल साक्षरता सत्र जैसे कार्यक्रम रखे गए हैं, जो उनके ज्ञान और अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करेंगे।

विश्व युवक केंद्र नई दिल्ली के सीनियर ऑफिसर डिजिटल इनिशिएटिव आनंद कुमार  ने बताया कि युवाओं के लिए कैरियर गाइडेंस वर्कशॉप, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, रिज्यूमे बिल्डिंग, इंटरव्यू स्किल्स जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे उन्हें भविष्य के लिए तैयार किया जा सके। इसके अलावा डिबेट प्रतियोगिता, पब्लिक स्पीकिंग, कविता पाठ (ओपन माइक) जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जो आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक होंगे।

युवा विकास समिति के सचिव बृहस्पति कुमार पाण्डेय नें बताया कि समाज में जागरूकता लाने के उद्देश्य से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक मुद्दों पर चर्चा, योग एवं वेलनेस सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। विशेष अवसरों जैसे विश्व पुस्तक दिवस (23 अप्रैल), पृथ्वी दिवस (22 अप्रैल), विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) पर विशेष कार्यक्रम रखे जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इन सभी गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं में पढ़ने की आदत विकसित करना, स्क्रीन टाइम कम करना तथा रचनात्मक एवं सामाजिक कौशल को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी अभिभावकों एवं छात्रों से अपील की है कि वे इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और पुस्तकालय से जुड़कर अपने ज्ञान को समृद्ध करें।