देवरिया। सलेमपुर ब्लॉक के ग्राम बहुसरा निवासी कौशल देवी, पत्नी अमित, को देर रात लगभग 10:00 बजे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजन उन्हें निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहाँ रात लगभग 11:45 बजे उन्होंने एक नवजात शिशु को जन्म दिया।
प्रारंभ में शिशु की स्थिति सामान्य थी, लेकिन सुबह होते-होते अचानक उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। सुबह लगभग 9:00 बजे चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए शिशु को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इसी दौरान 102 एंबुलेंस सेवा (संख्या UP32EG6641) की ईएमटी मधु और पायलट रामभरोस ने तत्परता दिखाते हुए नवजात को तुरंत एंबुलेंस में शिफ्ट किया और जिला अस्पताल के लिए रवाना हो गए।
रास्ते में शिशु की हालत और बिगड़ने लगी, जिस पर ईएमटी मधु ने सूझबूझ का परिचय देते हुए 102 कंट्रोल रूम में मौजूद डॉक्टर से संपर्क कर आवश्यक सलाह ली। डॉक्टर के निर्देशानुसार ईएमटी ने एंबुलेंस में उपलब्ध एम्बुबैग की सहायता से नवजात को ऑक्सीजन देना शुरू किया।
लगातार एम्बुबैग के माध्यम से सहायता प्रदान करते हुए शिशु को सुरक्षित जिला महिला अस्पताल, देवरिया में भर्ती कराया गया। वर्तमान में नवजात का इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।