श्रीमद्भागवत कथा का चौथा दिन, राम और कृष्ण जन्म कथा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु

 

बस्ती। जनपद के कप्तानगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा बढ़नी मिश्र में आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा के चौथे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे गांव में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा, जहां दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान किया।
कथा व्यास पंडित देवस्य मिश्र ने अपने मधुर वाणी में भगवान श्री रामचंद्र के जन्म प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब भगवान विभिन्न अवतारों में प्रकट होकर धर्म की स्थापना करते हैं। श्रीराम जन्म की कथा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।
इसके साथ ही पंडित मिश्र ने भगवान श्री हनुमान जी के जन्म की कथा सुनाते हुए उनके अतुल बल, भक्ति और सेवा भाव का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि हनुमान जी केवल शक्ति के प्रतीक ही नहीं बल्कि सच्ची भक्ति और समर्पण के आदर्श भी हैं।
कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग भी अत्यंत भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। देवकी और वासुदेव के कारागार जीवन तथा कंस के अत्याचारों का वर्णन करते हुए बताया गया कि किस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म लेकर अत्याचार का अंत किया। इस दौरान मुख्य यजमान सुभाष चंद्र मिश्रा एवं उनकी पत्नी किरण मिश्रा निशांत मिश्रा, भाजपा विधायक अजय सिंह के प्रतिनिधि पंडित सरोज मिश्रा, कुशाग्र निधि, प्रतिमा पांडे, नीतीश कुमार पांडे, अरविंद उपाध्याय, अवधेश कुमार मिश्र, जनार्दन दुबे, बृजेश मिश्रा, रमाकांत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।