अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर लीगल स्टडीज परिसर में विधि परास्नातक (एलएलएम) द्वितीय वर्ष (बैच 2025-27) के छात्र-छात्राओं द्वारा नवागत विद्यार्थियों के स्वागत हेतु फ्रेशर पार्टी शुभारंभ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नवागत छात्रों के आत्मीय स्वागत के साथ हुई। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागत साथियों का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। समारोह में सेंटर फॉर लीगल स्टडीज के निदेशक प्रो. अशोक कुमार राय, संकायाध्यक्ष प्रो. अजय कुमार सिंह, डॉ. संतोष कुमार पांडे, डॉ. विवेक सिंह, डॉ. वंदना गुप्ता तथा सहयोगी दिलीप शुक्ला सहित विभाग के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिक्षकों ने नवागत छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विधि शिक्षा के महत्व और अनुशासन पर मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के सफल संचालन और संयोजन में मुख्य आयोजक छात्र-छात्राओं जय प्रकाश, सिद्धार्थ विश्वकर्मा, दीक्षा गिरी और श्वेतामनी त्रिपाठी का प्रमुख योगदान रहा। इस अवसर पर एलएलएम 2025-27 बैच के समस्त विद्यार्थी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।