सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र का भव्य शुभारंभ

सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र का भव्य शुभारंभ

 

तिलक और उपहार के साथ हुआ नौनिहालों का भव्य स्वागत

 

सर्वांगीण विकास पर जोर, उज्ज्वल भविष्य का संकल्प

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर: जनपद के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ अत्यंत उत्साह और गरिमामयी वातावरण में किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में गुरुजनों के आशीर्वाद और नई उम्मीदों के साथ शिक्षा के नए अध्याय की शुरुआत हुई।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन संस्थान के प्रबंध निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, निदेशिका सविता चतुर्वेदी तथा प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर माँ सरस्वती और संस्थापक पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। पूरा वातावरण सरस्वती वंदना से भक्तिमय हो उठा।

 

नए सत्र के पहले दिन विद्यालय पहुंचे छोटे-छोटे बच्चों के लिए यह दिन खास यादगार बन गया। निदेशिका सविता चतुर्वेदी ने भारतीय परंपरा के अनुसार छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। विद्यालय की ओर से बच्चों को विशेष उपहार भी प्रदान किए गए, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। इस आत्मीय स्वागत ने बच्चों में न केवल उत्साह बढ़ाया, बल्कि शिक्षा के प्रति एक नई ऊर्जा भी भर दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निदेशिका सविता चतुर्वेदी ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। आधुनिक संसाधनों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना विद्यालय की प्राथमिकता है, ताकि प्रत्येक छात्र एक जिम्मेदार और सफल नागरिक बन सके।

प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने सभी नवागत एवं पुराने छात्रों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन और मेहनत का महत्व बताया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।

 

इफस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और सभी ने पूरे उत्साह के साथ नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की।