अखिल भारतीय शाकाहार परिषद द्वारा अयोध्या में अहिंसा यात्रा और सम्मेलन का आयोजन

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। अखिल भारतीय शाकाहार परिषद के तत्वावधान में धर्मनगरी अयोध्या में अहिंसा यात्रा और अहिंसा सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से पूरे देश को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि देश के समग्र विकास के लिए गौमाता का संरक्षण-संवर्धन, नशाबंदी, शाकाहार, पर्यावरण की रक्षा और जैविक खाद का उपयोग बेहद जरूरी है। स्वदेशी अपनाने पर जोर कार्यक्रम के दौरान परिषद के राष्ट्रीय संयोजक पवन जैन ने मीडिया से बातचीत करते हुए स्वदेशी अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज विदेशी कंपनियों ने हमारे देश के बाजारों पर कब्जा जमाया हुआ है और देश का एक बड़ा हिस्सा धन के रूप में विदेश जा रहा है। यदि हम स्वदेशी की भावना को जन-जन तक पहुंचाएंगे और स्वदेशी अपनाने का संकल्प लेंगे, तो हमारा पैसा देश में ही रहेगा। साथ ही कुटीर उद्योगों के माध्यम से देश के सभी लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। 20-25 वर्षों से चल रहा है अभियान पवन जैन ने बताया कि अखिल भारतीय शाकाहार परिषद मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, झारखंड सहित देश के कई अन्य राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। पिछले 20-25 वर्षों से अहिंसा यात्रा के माध्यम से लोगों में जन-जागृति लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस माटी ने हमें जन्म दिया, चलना सिखाया और सभ्यता दी, उसके प्रति हमारा भी नैतिक दायित्व है कि हम उसकी रक्षा के लिए आगे आएं।