मां सरस्वती की आराधना संग एसआर इंटरनेशनल एकेडमी में नए सत्र का भव्य आगाज
कमियों को दूर कर सफलता की बुलंदी छूने का लें संकल्प – डा. उदय प्रताप चतुर्वेदी
ग्रामीण प्रतिभाओं को तराश कर ‘कोहिनूर’ बनाना ही संस्था का उद्देश्य – राकेश चतुर्वेदी
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर जिले के दक्षिणांचल स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान एसआर इंटरनेशनल एकेडमी में गुरुवार को नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। मां सरस्वती की आराधना के साथ नौनिहालों ने अपने उज्ज्वल भविष्य और सफलता के शिखर तक पहुंचने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर बच्चों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति से गुलजार नजर आया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डा. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास और आत्ममंथन आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने पिछले सत्र की कमियों को पहचान कर इस बार उन्हें दूर करें और अपने लक्ष्य को पाने के लिए पूरी मेहनत करें। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए इस संकल्प में सहभागी बनें।
संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर राकेश चतुर्वेदी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और अनुशासित शिक्षा प्रदान करना संस्था की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के नौनिहालों की प्रतिभा को निखार कर उन्हें समाज का ‘कोहिनूर’ बनाना ही विद्यालय का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि एक श्रेष्ठ शिक्षक वही है जो विद्यार्थियों को परिश्रम और अनुशासन के माध्यम से उत्कृष्ट बनाए।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डा. उदय प्रताप चतुर्वेदी, विशिष्ट अतिथि राकेश चतुर्वेदी, प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय, डिप्टी डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय एवं प्रधानाचार्य दुर्गेश गोस्वामी द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं संस्थापक स्व. पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
नए सत्र के पहले दिन विद्यालय पहुंचे बच्चों का तिलक-चंदन लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। सभी विद्यार्थियों ने मां सरस्वती का आशीर्वाद लेकर अपने नए शैक्षणिक सफर की शुरुआत की।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक हरिश्चंद्र यादव ने किया। इस अवसर पर एस.एन. शुक्ला, प्रेमप्रकाश पांडेय, कृष्णा मिश्रा, महेंद्र चौधरी, धर्मेंद्र चौरसिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।