लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रदेशवासियों के साथ उत्तर प्रदेश के विकास और भदोही के कालीन उद्योग की उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि भदोही का हुनर पहले अपनी राह तलाशता था, लेकिन अब सरकार विकास, बाजार और अवसरों के नए द्वार खोल रही है। पिछले 10 वर्षों में प्रदेश का निर्यात लगभग 2.27 गुना बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है और उत्तर प्रदेश देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य बन चुका है। प्रदेश के निर्यात में भदोही के कालीन उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन हाथों ने अपने हुनर से भदोही के कालीन को दुनिया तक पहुंचाया, वर्ष 2017 से पहले वही हाथ बुनियादी सुविधाओं और अवसरों की प्रतीक्षा करते रहे। आज डबल इंजन सरकार में यही हुनर विकास और वैश्विक बाजार से जुड़ रहा है। हाथ से बने भदोही के कालीनों की दुनिया में बड़ी मांग है और ये वैश्विक मंच पर उत्तर प्रदेश के हुनर की पहचान मजबूत कर रहे हैं।योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वह एशिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हस्तनिर्मित कालीन व्यापार मेले ‘इंडिया कारपेट एक्सपो’ के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वह कालीन उद्योग से जुड़े निर्यातकों, विक्रेताओं और उद्यमियों से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि कारीगर के हाथ को सम्मान, उद्यम को विस्तार, युवाओं को रोजगार और भदोही को समृद्धि देना नए उत्तर प्रदेश में विरासत और विकास के संगम की नई पहचान है।मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अवसर पर भदोही, औराई और ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्रों में 1,340 करोड़ रुपये से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ भी प्रदान किए जाएंगे।