
*एंबुलेंस कर्मियों ने धूमधाम से मनाया ई.एम.टी. डे।*
देवरिया। बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय देवरिया में 108 एवं 102 एंबुलेंस के ई.एम.टी. डे के अवसर पर डिप्टी सीएमओ डॉ. अजय शाही द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले एंबुलेंस कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. संजय गुप्ता भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. अजय शाही ने एंबुलेंस कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें लगन एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एंबुलेंस की साफ-सफाई, उपकरणों के सही संचालन, उपलब्ध दवाओं के उचित उपयोग तथा प्राथमिक उपचार पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
एसीएमओ डॉ. संजय गुप्ता ने भी कर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे इसी तरह दिन-रात जरूरतमंदों की सहायता करते रहें, रिस्पांस टाइम बेहतर बनाए रखें तथा अपने व्यवहार एवं प्रस्तुति (फिजिकल अपीयरेंस) को और सुदृढ़ करें।
प्रोग्राम मैनेजर देवरिया, राजन विश्वकर्मा ने बताया कि ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज द्वारा प्रत्येक वर्ष 2 अप्रैल को ई.एम.टी. डे धूमधाम से मनाया जाता है। इसी क्रम में जिला महिला अस्पताल देवरिया में सभी ईएमटी कर्मियों ने केक काटकर एवं एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस दिन को उत्साहपूर्वक मनाया।
सीएमओ देवरिया द्वारा सम्मानित कर्मचारियों का चयन जनपद स्तर पर उनके उत्कृष्ट कार्य के आधार पर किया गया। इन कर्मियों ने समय पर पहुंचकर घायलों को उचित उपचार दिलाने, अस्पताल में भर्ती कराने तथा एंबुलेंस में सुरक्षित प्रसव कराने जैसे सराहनीय कार्य किए हैं। साथ ही, इन्होंने कभी भी किसी मरीज के लिए एंबुलेंस सेवा देने से मना नहीं किया।
इस अवसर पर ईएमटी मधु कुमारी, रीना देवी, अखिलेश कुमार, रितिका विश्वकर्मा, रामायण, इंदल प्रसाद, मंजय, अर्जुन एवं सत्य प्रकाश आदि को शील्ड एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में एनएचएम डीपीएम पूनम, ऑफिसर मनीष मिश्रा, जिला एंबुलेंस कोऑर्डिनेटर राहुल पाण्डेय,सोनू जायसवाल, प्रताप सिंह एवं क्वालिटी ऑडिटर नागेश्वर मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।