बस्ती में 50 हजार का इनामी बाइक चोर गिरफ्तार 2019 से था फरार

बस्ती में 50 हजार का इनामी बाइक चोर गिरफ्तार 2019 से था फरार

 

कप्तानगंज पुलिस एसओजी व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सफलता

 

बस्ती। थाना कप्तानगंज पुलिस, एसओजी टीम व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये के इनामी वांछित मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2019 से फरार चल रहे आरोपी को गुरुवार को महराजगंज ओवरब्रिज अंडरपास के पास से दबोच लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान लालमन यादव पुत्र राम प्रकाश यादव, निवासी बनहा थाना कप्तानगंज, जनपद बस्ती उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना कप्तानगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 209/2019 समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर 2019 को कप्तानगंज पुलिस व स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई में दो अभियुक्त दीप नारायण यादव और अतुल पाठक को गिरफ्तार किया था। उनके पास से दो मोटरसाइकिल व 1200 ग्राम गांजा बरामद हुआ था। पूछताछ में लालमन यादव और विजय कुमार चौधरी उर्फ टोनी का नाम सामने आया था। इसके बाद विजय कुमार के घर से 7 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई थी। वहीं लालमन यादव घटना के बाद से ही फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तार आरोपी पर धोखाधड़ी, वाहन चोरी समेत विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से बाइक चोरी के गिरोह में सक्रिय था।

इस सफलता पर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी से जिले में हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

इनकी रही प्रमुख भूमिका

गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव, एसओजी प्रभारी निरीक्षक विकास कुमार यादव, उपनिरीक्षक गजेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल अभय उपाध्याय, शतीश सिंह सर्विलांस सेल शिवम यादव व कांस्टेबल चन्दन भारती शामिल रहे।