दुर्गा अष्टमी पर आस्था का महासंगम, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने समय माता मंदिर में किया पूजन, परिवार संग टेका मत्था
मंदिर विकास हेतु 51 हजार का सहयोग, सेवा और श्रद्धा का दिया संदेश
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर: चैत्र नवरात्रि की पावन दुर्गा अष्टमी के अवसर पर पूरे जनपद में भक्तिभाव का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर माता रानी की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। प्रमुख मंदिरों में विशेष सजावट और भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।
इसी क्रम में जिले के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं सूर्या ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने अपनी धर्मपत्नी और संस्थान की निदेशिका सविता चतुर्वेदी के साथ ऐतिहासिक समय माता मंदिर में दर्शन-पूजन किया। मंदिर पहुंचकर उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्य पुजारी के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न पूजा में उन्होंने माता रानी की आरती उतारी और जनपद की खुशहाली, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही।
धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक दायित्व निभाते हुए डॉ. चतुर्वेदी ने मंदिर के विकास और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए 51,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने पुरोहितों, ब्राह्मणों और जरूरतमंदों को अंगवस्त्र व नकद राशि भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण और विकास समाज के हर व्यक्ति का कर्तव्य है। उनके इस सराहनीय कार्य की मंदिर समिति और स्थानीय नागरिकों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने इसे प्रेरणादायक पहल बताते हुए उनका आभार व्यक्त किया।