घरेलू गैस का संकट गहरायाः महिलाओं ने सिर पर खाली सिलेण्डर रखकर किया प्रदर्शन
चांदनी चौधरी ने सौंपा 6 सूत्रीय ज्ञापन, समस्या के समाधान की मांग
बस्ती। सरकार द्वारा घरेलू गैस के उपलब्धता के दावे के बावजूद संकट गहराता जा रहा है। बुधवार को रूधौली विधानसभा क्षेत्र से भावी प्रत्याशी चांदनी चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं और नागरिकों ने हाथों में तख्तियां और खाली सिलेन्डर लेकर पं. अटल बिहारी बाजपेई आडिटोरियम से शास्त्री चौक तक प्रदर्शन किया। कहा कि घरेलू गैस के लिये लोग परेशान हैं और कई घरों में भोजन बनने का संकट पैदा हो गया है। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को सम्बोधित 6 सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया।
ज्ञापन सौंपने के बाद चांदनी चौधरी पत्नी मनोज चौधरी ने कहा कि जनपद में घरेलू गैस की लगातार हो रही किल्लत एवं काला बाजारी की बढ़ती घटनाओं को लेकर आम जनता में आक्रोश है। एक और सरकार द्वारा गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। स्थिति यह है कि जरूरतमंद उपभोक्ता गैस एजेंसियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, जबकि कुछ स्थानों पर बिचौलियों द्वारा गैस सिलेंडरों की काला बाजारी कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। यह उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन और गरीब एवं मध्यम वर्ग के परिवारों के साथ सीधा अन्याय भी है। इस गंभीर समस्या का त्वरित समाधान निकाला जाय।
6 सूत्रीय ज्ञापन में गैस की काला बाजारी में संलिप्त व्यक्तियों पर सख्तकार्रवाई, वितरण प्रणाली को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने, प्रत्येक उपभोक्ता को समयबद्ध तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने, जिला प्रशासन द्वारा नियमित निरीक्षण एवं निगरानी , उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किये जाने, गैस बुकिंग के बाद डिलीवरी का टाइम 24 घंटे से 72 घंटा किये जाने आदि की मांग शामिल है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान चांदनी चौधरी के साथ जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र चौधरी, प्रमोद चौधरी, रूबी चौधरी, रंजना देवी, दूधनाथ चौधरी, जैसराम यादव, अमित सिंह, राधेश्याम, संजय चौधरी, , शैलेन्द्र चौधरी, विनोद मौर्य, संजू, राधिका, प्रियंका पाण्डेय, छोटे मिश्र, श्याम करन चौधरी, दूधनाथ, राजू भारती, सीमा गोंड के साथ ही बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।