बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग घायल: डेरवा चौकी के पास बहन के घर से लौटते समय हादसा, जिला अस्पताल रेफर
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ में मंगलवार दोपहर जेठवारा थाना क्षेत्र के डेरवा चौकी अंतर्गत भगवतीगंज बाजार के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए घायलों की पहचान संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के महुआ गांव निवासी शिवम पटेल (पुत्र हरकेश पटेल), काजल और कोमल के रूप में हुई है। ये तीनों सगे भाई-बहन हैं। शिवम पटेल ने बताया कि वे अपनी दीदी के घर से लौट रहे थे, तभी बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बोलेरो चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इससे उसकी पहचान नहीं हो पाई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी संग्रामगढ़ ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने फ्रैक्चर और गंभीर चोटों के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।