मेधावियों के सम्मान से गौरवान्वित हुआ सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, साइकिल और मेडल पाकर खिले चेहरे

मेधावियों के सम्मान से गौरवान्वित हुआ सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, साइकिल और मेडल पाकर खिले चेहरे

 

वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित, सैकड़ों छात्र-छात्राओं को मिला सम्मान

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर (खलीलाबाद) के प्रतिष्ठित सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक परीक्षा परिणाम के साथ ही मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों पर मानो पुरस्कारों की वर्षा हुई। रैंक प्राप्त करने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं को साइकिल, घड़ियां, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सर्वोच्च अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से साइकिल भेंट की गई, जबकि अन्य मेधावियों को दीवार घड़ी, हाथ घड़ी और मेडल देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों और विद्यालय के अनुकूल माहौल को दिया।

 

समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन देना विद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती और ऐसे होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित करना गर्व का विषय है।

वहीं प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी निरंतर सफलता की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।