सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल खलीलाबाद में मेधावियों का होगा भव्य सम्मान
आकर्षण का केंद्र बनी सजी-धजी पुरस्कार सामग्री
प्रवेश परीक्षा के साथ नए सत्र की भी होगी शुरुआत
जितेंद्र पाठक
संतकबीरनगर: जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कल ‘एनुअल रिपोर्टिंग’ के अवसर पर एक भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम में वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय प्रशासन ने आयोजन को यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
समारोह के लिए विद्यालय परिसर को फूलों से भव्य रूप में सजाया गया है। कार्यक्रम स्थल पर कतारों में सजी चमचमाती साइकिलें विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। मेधावी विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन हेतु साइकिल, दीवार घड़ी, हाथ घड़ी, शील्ड और मेडल जैसे आकर्षक पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है, जिससे छात्रों में उत्साह का माहौल है।
इसी गरिमामय आयोजन के साथ विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश परीक्षा का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें पंजीकृत छात्र-छात्राएं भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने बताया कि सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न होगा। वहीं, निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यार्थियों का सम्मान और उनका मनोबल बढ़ाना विद्यालय की प्राथमिकता है, ताकि वे भविष्य में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकें।