नहर में मिला पांच माह की गर्भवती महिला का शव: प्रतापगढ़ में मां ने अपहरण कर हत्या का आरोप लगाया, पुलिस को तहरीर दी
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक नहर से 25 वर्षीय गर्भवती महिला बबिता गुप्ता का शव मिला है। महिला पांच माह की गर्भवती थी। उसकी मां ने अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया है। यह घटना संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोंदाही गांव के पास शारदा सहायक नहर की है। मंगलवार को नहर में एक तैरता हुआ शव देखा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान लालगंज थाना क्षेत्र के मदनगढ़, बेलहा निवासी सुनील कुमार की पत्नी बबिता गुप्ता के रूप में हुई। बबिता की शादी करीब एक साल पहले 30 अप्रैल को हुई थी और वह लगभग पांच माह की गर्भवती थी। उसके पति सुनील कुमार दिल्ली में निजी नौकरी करते हैं। परिजनों के अनुसार, बबिता रविवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच इलाज के लिए घर से लालगंज गई थीं। जब वह वापस नहीं लौटीं और उनका मोबाइल फोन बंद मिला, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बाद में लालगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। बुधवार को मृतका की मां शकुन्तला देवी ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी का अपहरण कर निर्ममतापूर्वक हत्या की गई और फिर शव को नहर में फेंक दिया गया। तहरीर में लालगंज में पेट्रोल पंप के पास गाड़ियों के एलाइनमेंट का काम करने वाले अनुज सिंह और उसके साथियों पर आरोप लगाया गया है।शव की स्थिति भी कई सवाल खड़े कर रही है। मृतका का चेहरा सूजा हुआ था और मुंह से खून निकलने के निशान मिले हैं, जिससे उसके साथ मारपीट की आशंका जताई जा रही है। लालगंज क्षेत्राधिकारी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।