मां-बेटे की हत्या, परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार: 4 घंटे बाद प्रशासन के आश्वासन पर माने, नौकरी-जमीन की मांग

मां-बेटे की हत्या, परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार: 4 घंटे बाद प्रशासन के आश्वासन पर माने, नौकरी-जमीन की मांग

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ के अंतू थाना क्षेत्र के पारा हमीरपुर गांव में मां-बेटे की हत्या के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। वे आरोपियों की गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई, एक सरकारी नौकरी, तीन बीघा जमीन और मुआवजे की मांग कर रहे थे। करीब चार घंटे तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। यह घटना रविवार रात की है, जब निर्माणाधीन मकान में सो रहीं शिवपत्ती देवी (40) और उनके नाबालिग बेटे औरभ मौर्य की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई थी। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार शाम को जब दोनों के शव घर पहुंचे, तो परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मां-बेटे की अंतिम यात्रा एक साथ निकाली गई, जिससे गांव में शोक का माहौल था। पुलिस ने इस मामले में पड़ोसी अधिवक्ता सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया, जिस पर मृतका पक्ष की बेटी ने आपत्ति दर्ज कराई है। घटना स्थल पर प्रशांत राज हुड्डा और थाना प्रभारी अभिषेक सिरोही सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी परिजनों से मुलाकात कर न्याय का आश्वासन दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।