महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। अयोध्या के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय ‘पवन’ का जन्मदिन बुधवार को समाजवादी पार्टी के महानगर कार्यालय पर बेहद उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर अपने नेता के दीर्घायु होने की कामना की और आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। विकास कार्यों और जनसेवा को किया याद कार्यक्रम के दौरान नि. महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने पवन पांडेय के मंत्रित्व काल की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि अयोध्या में सड़कों पर इंटरलॉकिंग, भजन संध्या स्थल का निर्माण और घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम जैसे महत्वपूर्ण कार्य उन्हीं की देन हैं। वहीं, नि. महानगर महासचिव हामिद जाफर मीसम ने कहा कि पद पर न रहते हुए भी पवन पांडेय ने किसानों, नौजवानों और व्यापारियों के हक की लड़ाई लड़ी है। उन्होंने विशेष रूप से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंदों को निजी स्तर और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के माध्यम से आर्थिक मदद दिलाने के उनके प्रयासों की सराहना की।
2027 के लिए फूंका चुनावी बिगुल
महानगर प्रवक्ता राकेश यादव (एडवोकेट) ने बताया कि जन्मदिन के बहाने जुटे कार्यकर्ताओं में भारी जोश देखने को मिला। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि 2027 के चुनाव में अयोध्या विधानसभा से तेजनारायण पांडेय को जिताकर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी सरकार बनानी है। कार्यकर्ताओं ने वर्तमान सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा काल की जनकल्याणकारी योजनाएं आज बंद कर दी गई हैं।
प्रमुख रूप से रहे उपस्थित
इस भव्य आयोजन में नि. महानगर महासचिव हामिद जाफर मीसम, उपाध्यक्ष चौधरी श्रीचंद यादव, प्रदेश सचिव राम अचल यादव, प्रवीण राठौड़, राकेश पांडेय, शावेज जाफरी, जगन्नाथ यादव, वीरेंद्र गौतम, महिला महानगर अध्यक्ष अपर्णा जायसवाल, लाल बहादुर शुक्ला, पूर्व मंत्री अमृत राजपाल, सपा नेता पंकज पांडेय सहित भारी संख्या में पार्षद, अधिवक्ता और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्य आकर्षण: समर्थकों ने ‘अयोध्या की शान-पवन पांडेय’ के नारों से कार्यालय परिसर को गुंजायमान कर दिया। फूलों और मालाओं से लदे समर्थकों ने अपने नेता के प्रति अटूट निष्ठा व्यक्त की।