संतकबीरनगर में सैनिक सम्मेलन व मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित, अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश

संतकबीरनगर में सैनिक सम्मेलन व मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित, अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश

 

अच्छा कार्य करने वाले 57 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी ‘कॉम्प ऑफ द मंथ’ चुने गए, प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में रिजर्व पुलिस लाइन सभागार कक्ष में सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह भी मौजूद रहे। सम्मेलन में जिले के विभिन्न थानों व शाखाओं से आए पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

मासिक अपराध गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने यातायात, साइबर अपराध, महिला अपराध समेत विभिन्न अभियानों की समीक्षा की। जिले में घटित आपराधिक घटनाओं, दर्ज अभियोगों और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, अपहृताओं की सकुशल बरामदगी, पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा ऊछाला शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने और गुंडा एक्ट के तहत जिलाबदर की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

गोष्ठी में ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, लूट जैसे गंभीर मामलों में प्रभावी पैरवी कर आरोपियों को अधिक से अधिक सजा दिलाने पर जोर दिया गया। चोरी, नकबजनी व वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई करने, जनशिकायतों की त्वरित व निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा ऑपरेशन त्रिनेत्र अभियान के अंतर्गत थाना क्षेत्रों के महत्वपूर्ण स्थानों, प्रतिष्ठानों और गांवों में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए लोगों से समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के विभिन्न थानों, कार्यालयों व इकाइयों में तैनात 57 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को ‘कॉम्प ऑफ द मंथ’ चुनकर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।

गोष्ठी में जिले के समस्त क्षेत्राधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सभी प्रभारी निरीक्षक व थानाध्यक्ष सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।