हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, डीसीएम और कार की टक्कर में दो पत्रकारों की मौत
होली मिलन समारोह लखनऊ से लौट रहे थे चारों, दो की हालत गंभीर
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। सोमवार को इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप रसूलाबाद के पास हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग कार से होली मिलन एवं पत्रकार सम्मान समारोह लखनऊ से वापस अपने घर जा रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को लगभग 3:30 बजे गोरखपुर से लखनऊ की ओर जा रही डीसीएम (MH03DV8752) अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और लखनऊ से गोरखपुर की ओर आ रही वैगनआर कार (UP53AS4404) से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अपनी टीम तथा हाईवे मोबाइल कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। दुर्घटना में कार चालक वाहन में फंस गया था, जिसे पेट्रोल पंप कर्मियों की मदद से दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय संतकबीरनगर भेजा गया।
चिकित्सकों ने जांच के बाद धनंजय पाण्डेय (35 वर्ष) निवासी सरगरिया उर्फ रामनगर थाना नेबुआ नौरंगिया, जनपद कुशीनगर तथा शंभू मिश्रा (45 वर्ष) निवासी लखुआ खुर्द थाना खड्डा, जनपद कुशीनगर को मृत घोषित कर दिया। वहीं रमन कुमार (42 वर्ष) निवासी इंदिरा नगर पडरौना तथा सुदेश मिश्रा (42 वर्ष) निवासी चिलोना थाना नेबुआ नौरंगिया की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि कार में सवार चारों लोग हिंदी पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश स्तरीय होली मिलन एवं पत्रकार सम्मान समारोह से वापस कुशीनगर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
पुलिस ने वाहन नंबर और कार से मिले पहचान पत्रों के आधार पर परिजनों को सूचना दे दी है। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस खलीलाबाद में रखा गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया।