पहचान छिपाने के लिए महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

पहचान छिपाने के लिए महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

 

गहने लूटने के बाद सरसों के खेत में फेंक दिया था शव

 

जितेन्द्र पाठक

 

 

संतकबीरनगर, जनपद के कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में एक वृद्ध महिला की हत्या कर पहचान छिपाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से मृतका के गहने भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार हाड़ापार निवासी लक्ष्मीचंद यादव ने 13 मार्च को थाने में सूचना दी थी कि उनकी माता शारदा देवी (लगभग 60 वर्ष) 10 मार्च की रात करीब 8 बजे गांव स्थित समय माता मंदिर पर यज्ञ सुनने गई थीं, लेकिन वापस घर नहीं लौटीं। अगले दिन गुमशुदगी दर्ज कराई गई। 12 मार्च को गांव के नहर के दक्षिण तरफ सरसों के खेत में उनका शव पड़ा मिला। अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर शव खेत में फेंकने की आशंका पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस और सर्विलांस टीम को मिली सूचना के आधार पर 14 मार्च को सिरमोहनी चौराहे के पास से राहुल चौधरी पुत्र झगरू उर्फ ब्रह्मदेव निवासी हाड़ापार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले ट्रक पर खलासी का काम करता था, लेकिन काम छोड़ देने के बाद पैसों की जरूरत थी। 10 मार्च की रात यज्ञ स्थल के पास उसने महिला को अकेले जाते देखा। उनके कान में सोने की बालियां और पैरों में चांदी की पायल देखकर उसने लूट की योजना बनाई। पहचान हो जाने के डर से उसने गला दबाकर हत्या कर दी और गहने लेकर भाग गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक जोड़ी सोने की बालियां, चांदी की पायल (चार टुकड़ों में) और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।