कुंडा के मजदूर की कोलकाता में मौत: दिल दौरा पड़ने पर लौट रहा था घर, एंबुलेंस में तोड़ा दम
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
महेशगंज थाना क्षेत्र के बरेज फतुहाबाद निवासी 35 वर्षीय कलंदर उर्फ राम गौतम की कोलकाता से घर लौटते समय एंबुलेंस में मौत हो गई। वह ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
कलंदर उर्फ राम 13 जनवरी को कोलकाता में ईंट भट्ठे पर काम करने गया था। 12 मार्च की रात करीब 1:30 बजे उसे दौरा पड़ा। उसके साथ काम कर रहे साथी उसे तत्काल पास के अस्पताल ले गए। अस्पताल में उसकी हालत में सुधार होने पर परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने उसे घर लाने को कहा। एक सहकर्मी उसे एंबुलेंस से घर ला रहा था। झारखंड पहुंचते ही कलंदर उर्फ राम ने एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया। कलंदर की मौत की खबर सुनकर उसकी पत्नी मनीषा, 4 वर्षीय बेटी बरखा और पिता राजाराम सदमे में हैं। परिवार में मातम छा गया है। परिजनों ने शनिवार को घर पर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।