CEIR पोर्टल से 93 गुम मोबाइल बरामद: एसपी ने उनके स्वामियों को सुपुर्द किए, 14 लाख के करीब है कीमत
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ पुलिस को गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता मिली है। CEIR पोर्टल और सर्विलांस सेल की तकनीकी मदद से कुल 93 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 14 लाख रुपये है। बुधवार को पुलिस लाइन प्रतापगढ़ स्थित साईं कॉम्प्लेक्स में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों ने प्रतापगढ़ पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जनपद के सभी थानों की सक्रियता और सर्विलांस सेल की तकनीकी सहायता से इन मोबाइल फोन को विभिन्न स्थानों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी बरामद किया गया है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाए तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना या CEIR पोर्टल पर दर्ज कराएं। इससे पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन की बरामदगी सुनिश्चित कर सकेगी।