अयोध्या बुढ़वा मंगल पर अखाड़े में गूंजी दहाड़,

 

राजेश महाराज ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया दंगल का आगाज

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। धर्मनगरी अयोध्या के कटरा स्कूल स्थित श्याम क्लब के मैदान में ‘बुढ़वा मंगल’ के पावन अवसर पर 54वें राज्यस्तरीय विराट दंगल का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अखाड़े में आज प्रदेश भर से आए दिग्गज पहलवानों ने अपनी शक्ति और दांव-पेच का ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि दर्शक रोमांचित हो उठे।
राजेश महाराज ने बढ़ाया पहलवानों का मान कार्यक्रम के दौरान अयोध्या तीर्थ पुरोहित धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश महाराज ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने अखाड़े की पवित्र मिट्टी को नमन किया और पहलवानों का हाथ मिलवाकर उनके मुकाबलों की शुरुआत करवाई। पहलवानों को विजयी होने का आशीर्वाद देते हुए राजेश महाराज ने कहा, “कुश्ती भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है। मिट्टी से जुड़ी इस आदि कला को जीवित रखना और नई पीढ़ी को इससे जोड़ना हमारी सांस्कृतिक जिम्मेदारी और समय की मांग है।”
दिग्गज हस्तियों की रही गरिमामयी उपस्थिति दंगल के मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद एवं भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ ही विशिष्ट अतिथियों में श्री लक्ष्मण किला के अधिकारी सूर्य प्रकाश शरण जी और श्याम क्लब अखाड़ा के प्रियेश दास जी ने भी पहलवानों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना की सराहना की।
अखाड़े में दिखा रोमांच, उमड़ा जनसैलाब मुख्य आयोजक पहलवान घनश्याम दास (संरक्षक, वॉलीबॉल संघ-अयोध्या) और प्रियेश दास के नेतृत्व में आयोजित इस 54वें दंगल को देखने के लिए दोपहर 1:00 बजे से ही कुश्ती प्रेमियों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। अशर्फी भवन चौराहा स्थित श्याम क्लब का पूरा मैदान ‘जय श्री राम’ के उद्घोष और पहलवानों के समर्थन में लग रहे नारों से गूंज उठा। अखाड़े की मिट्टी में जब पहलवानों के बीच कांटे के मुकाबले हुए, तो दर्शकों ने दांतों तले उंगली दबा ली।