ई-रिक्शा में महिला का झोला काटकर चेन चोरी करने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार
खलीलाबाद में पुलिस ने किया चोरी की वारदात का खुलासा, सोने की चेन समेत नकदी व सामान बरामद
राजगढ़ मध्यप्रदेश की निकलीं दोनों आरोपी महिलाएं, पुलिस टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में ई-रिक्शा में सवार महिला के झोले को कटर से काटकर सोने की चेन चोरी करने की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो अभियुक्ताओं को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी की पीली धातु की चेन, 500 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड, कटर, दो पर्स/बटुआ और काले रंग का कपड़ों का बैग बरामद किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने की।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली खलीलाबाद में दर्ज मु0अ0सं0 893/2026, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित चोरी की घटना का खुलासा करते हुए 23 सितंबर 2026 को कबीर मठ जाने वाली सड़क हाईवे रोड पर स्थित काले गेट के पास से दोनों अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान अंजली पत्नी शालू सिसोदिया निवासी कड़िया सासी, थाना बोड़ा, जनपद राजगढ़, मध्यप्रदेश तथा नगमा पत्नी विक्की सिसोदिया निवासी कड़िया सासी, थाना बोड़ा, जनपद राजगढ़, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।
गोला बाजार से महिला का पीछा कर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक 20 सितंबर 2026 को एक महिला गोला बाजार स्थित रजनीश सरार्फ की दुकान से चेन बनवाकर घर लौट रही थी। रेलवे क्रॉसिंग अंडरपास के पास वह ई-रिक्शा में बैठी। इसी दौरान दो अज्ञात महिलाएं भी ई-रिक्शा में उसके पास बैठ गईं। आरोप है कि मौका पाकर दोनों ने ब्लेड/कटर से महिला के प्लास्टिक के झोले को काटकर उसमें रखी सोने की चेन निकाल ली और ई-रिक्शा से उतरकर फरार हो गईं।
पीड़िता की तहरीर पर 22 सितंबर 2026 को थाना कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच और सुरागों के आधार पर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर चोरी की चेन व अन्य सामान बरामद कर लिया।
पूछताछ में सामने आया वारदात का तरीका
पुलिस पूछताछ में अभियुक्ताओं ने बताया कि वे मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के थाना बोड़ा क्षेत्र की रहने वाली हैं और गोरखपुर, खलीलाबाद व बस्ती क्षेत्र में घूमकर बाजारों में सोने की दुकानों के आसपास ऐसी महिलाओं की निगरानी करती थीं, जो जेवर खरीदकर दुकान से निकलती थीं। इसके बाद उनका पीछा कर उसी टेम्पो या ई-रिक्शा में बैठ जाती थीं और मौका मिलते ही ब्लेड या कटर से गले की चेन अथवा पर्स/झोले में रखे जेवर काटकर चोरी कर लेती थीं।
पूछताछ में अभियुक्ताओं ने 20 सितंबर को गोला बाजार खलीलाबाद में इसी तरीके से महिला के झोले को काटकर चेन और 500 रुपये चोरी करने की बात बताई। उनकी निशानदेही पर चोरी की चेन और नकदी बरामद की गई।
इन सामानों की हुई बरामदगी
01 पीली धातु की चेन
500 रुपये नकद
02 मोबाइल फोन
02 आधार कार्ड
01 कटर
02 पर्स/बटुआ
01 काले रंग का कपड़ों का बैग
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना कोतवाली खलीलाबाद से उपनिरीक्षक देवव्रत शर्मा, कांस्टेबल आकाश यादव, कांस्टेबल मोहित और महिला कांस्टेबल मीना यादव शामिल रहीं।
एंटी थेफ्ट सेल संतकबीरनगर से उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह, हेड कांस्टेबल आदित्य कुमार यादव, कांस्टेबल वीर बहादुर यादव और कांस्टेबल अरुण कुमार ने कार्रवाई में भूमिका निभाई। इसके अलावा सर्विलांस सेल संतकबीरनगर से कांस्टेबल नीतीश कुमार तथा साइबर थाना संतकबीरनगर से कांस्टेबल सौरभ यादव शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 25,000 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।