छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

 

रवि प्रकाश पाण्डेय संवाददाता

सिद्धार्थनगर। थाना त्रिलोकपुर पुलिस की ओर से बुधवार को श्री संत मौनी दास इंटर कॉलेज, विशुनपुर हरी में कम्युनिटी पुलिसिंग एवं युवा साइबर जागरूकता अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस टीम और साइबर टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों तथा सेल्फ डिफेंस के संबंध में जानकारी दी।
पुलिस ने विद्यालय की प्रधानाचार्या से संवाद कर छात्र-छात्राओं के सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। विद्यार्थियों को आवश्यक पुलिस सहायता के लिए सीपीयू टीम प्रभारी का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया गया। साइबर टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्या, शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं एवं अन्य उपस्थित लोगों ने पुलिस के जनजागरूकता अभियान की सराहना की। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक गणेश कुमार, आरक्षी लालबाबू निषाद तथा महिला आरक्षी रुचि तिवारी मौजूद रहीं।