महिला सशक्तिकरण” विषयक चौपाल का किया आयोजन 

महिला सशक्तिकरण” विषयक चौपाल का किया आयोजन

बहराइच 8 मार्च , महिला दिवस के अवसर पर आज गायत्री बाल संस्कार शाला (सूफीपुरा) सिविल लाइंस परिसर में “महिला सशक्तिकरण” विषयक चौपाल का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के गायत्री परिवार , संघ परिवार समेत तमाम समाजसेवी संगठनों से जुड़ी महिला प्रतिनिधियों ने नशा को समाज के लिए घातक बताते हुए नशा उन्मूलन तथा सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए चलाए जा रहे अभियान से हर घर को जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया।

 

गायत्री बाल संस्कार शाला में आयोजित चौपाल को संबोधित करते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रद्धा पाण्डेय ने कहा कि , महिलाओं के सर्वांगीण उत्थान एवं शिक्षित होते ही सशक्त समाज एवं प्रभावी परिवार का उदय होता है। उन्होंने कहा कि अशिक्षा एवं कुरीतियों तथा नशामुक्त समाज बनाने के लिए सभी जागरूक महिलाओं को अपने नैतिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए जन जागरण अभियान चलाना चाहिए तभी मजबूत परिवार , समाज एवं विकसित एवं सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि , शिक्षित एवं जागरूक बेरोज़गार महिलाओं के लिए शासन द्वारा तमाम बहुमुखी परियोजनाओं का संचालन किया जा रहा है जिनसे जुड़ कर महिलाएं स्वरोजगार से जुड़ सकती हैं और अपने परिवार को आर्थिक दृष्टि से मजबूत भी बना  सकती हैं।

 

विद्यालय प्राचार्या रेखा श्रीवास्तव ने बताया कि , गायत्री परिवार के तत्वावधान में महिलाओं को जागरूक बनाने के लिए घर घर में संपर्क अभियान चलाया जा रहा है तथा अशिक्षित बच्चों को गायत्री बाल संस्कार शाला के माध्यम से शिक्षित एवं दीक्षित बनाने का प्रभावी प्रयास किया जा रहा है।

 

कार्यक्रम का संचालन शालू सिंह ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ महिला नेत्री मंजू निगम द्वारा किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा जिला संयोजक सोनी श्रीवास्तव ने किया।

 

आयोजित कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शीला श्रीवास्तव , पूनम श्रीवास्तव , समाजसेविका निशा शर्मा , निर्मला सिंह , मोनिका शुक्ला , अनुराधा वर्मा , तृप्ति श्रीवास्तव , गायत्री परिजन कांति मिश्रा ,  प्रीति सिंह , नमिता शुक्ला , रश्मि पांडेय , वंदना सिंह सहित तमाम महिलाएं उपस्थित रहीं।

 

समापन अवसर पर सभी महिलाओं ने नशा मुक्त समाज बनाने के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया।