खनवारी नहर में मिला अज्ञात शव: राहगीरों ने बहता देखा, पुलिस जांच जारी

खनवारी नहर में मिला अज्ञात शव: राहगीरों ने बहता देखा, पुलिस जांच जारी

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र की शारदा सहायक नहर की खनवारी ब्रांच में रविवार दोपहर करीब 1 बजे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। यह नहर एनटीपीसी ऊंचाहार से आती है। शव लोहिया फाटक के निकट भुन्ना का पुरवा के पास नहर में बहता हुआ पाया गया। राहगीरों ने नहर में शव देखकर तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर संग्रामगढ़ थाना पुलिस और हल्का दरोगा एवं कांस्टेबल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया, पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। सूत्रों के अनुसार, शव के पास से छोटा कीपैड मोबाइल मिली हैं जिनसे उसकी पहचान हो सकती है। पुलिस पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है। यह पहली बार नहीं है जब खनवारी शारदा सहायक नहर में कोई शव मिला है। पिछले कई वर्षों से इस नहर में अज्ञात शव मिलने की घटनाएं सामने आती रही हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि कई बार अज्ञात शव मिलने पर संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस शव को दूसरे थाना क्षेत्र की ओर ठेल देती है। जब स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ती है, तब जाकर किसी थाना क्षेत्र में शव बरामद किया जाता है।इस संबंध में थाना प्रभारी मनोज कुमार तोमर ने बताया कि अभी तक शव की पहचान नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई जानकारी मिलती है या पहचान स्थापित होती है, तो मीडिया को सूचित किया जाएगा।