महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। कैसरगंज क्षेत्र के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के पैतृक आवास विश्रोहरपुर में इस बार होली का नजारा बेहद खास रहा। थारू जनजाति के गौरव और उनकी समृद्ध संस्कृति को समर्पित एक भव्य ‘होली महोत्सव’ का आयोजन किया गया, जिसमें बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों से आए थारू समाज के हजारों लोगों ने शिरकत की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण थारू समाज के पारंपरिक लोकगीत और नृत्य रहे। अपनी विशिष्ट वेशभूषा में सजे कलाकारों ने जब सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, तो पूरा वातावरण उत्साह से भर गया। इस दौरान पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह खुद को रोक नहीं पाए और थारू समाज के लोगों, विशेषकर महिलाओं और युवतियों के साथ होली गीतों पर जमकर थिरके। सम्मान और सौहार्द का संदेश कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद ने समाज के प्रबुद्ध जनों और कलाकारों को सम्मानित भी किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा:
होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है। थारू समाज हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और उनके साथ खुशियां बांटना गर्व की बात है। दूर-दराज से आए लोगों की सुविधा के लिए पूर्व सांसद द्वारा विशेष परिवहन और भोजन की व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर उनके करीबी सहयोगी और लोकप्रिय युवा नेता आलोक पांडे उर्फ ‘दादू भैया’ भी विशेष रूप से सक्रिय रहे। दादू भैया ने अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया और कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज और गुलाल की होली के साथ हुआ, जहाँ सभी ने एक-दूसरे को गले लगकर पर्व की बधाई दी।