SP ने ली परेड की सलामी: ड्रोन कैमरे से हुई निगरानी, फॉरेंसिक टीम ने आपराधिक घटनाओं में साक्ष्य संकलन के गुर सिखाए
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ एसपी दीपक भूकर ने पुलिस लाइन में परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल की कार्यकुशलता, अनुशासन और फिटनेस का व्यापक निरीक्षण किया। पूरी कवायद की निगरानी ड्रोन कैमरे से की गई। एसपी ने पुलिसकर्मियों की एकरूपता, वर्दी की शुद्धता और शारीरिक दक्षता पर विशेष बल दिया। उन्होंने टोलीवार ड्रिल अभ्यास कराते हुए परेड मानकों के अनुरूप प्रदर्शन करने के निर्देश दिए। रिक्रूट आरक्षियों को समय की पाबंदी, अनुशासन और बेहतर शारीरिक क्षमता बनाए रखने की सीख भी दी गई।परेड के दौरान फॉरेंसिक टीम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आपराधिक घटनाओं में साक्ष्य संकलन, क्राइम सीन संरक्षित रखने और अग्निशामक उपकरणों के प्रभावी उपयोग का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। इन सभी गतिविधियों की वास्तविक समय निगरानी ड्रोन कैमरे से की गई, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और प्रशिक्षण की प्रभावशीलता सुनिश्चित हो सके।
इसके अतिरिक्त, एसपी ने क्वार्टर गार्ड की सलामी ली और शस्त्रागार का निरीक्षण किया। उन्होंने शस्त्रों के रखरखाव और संबंधित अभिलेखों की समीक्षा की। आदेश कक्ष में औपचारिक रिपोर्टिंग के दौरान लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।