अयोध्या। देश के प्रतिष्ठित कृषि वैज्ञानिक और गेहूं के अभिजनक डॉ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन ने आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या का कुलपति नियुक्त किया है।
डॉ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह वर्तमान में राष्ट्रीय पादप अनुवांशिक संसाधन ब्यूरो के निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। डॉ सिंह 28 अक्तूबर 2022 को इस पद पर आए थे जबकि इससे पूर्व डॉ ज्ञानेंद्र सिंह वर्ष 2016 से भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अंतर्गत भारतीय गेहूं और जौ अनुसंधान संस्थान करनाल की कमान सम्हाल रहे थे। डॉ सिंह ने गेहूं फसल पर कार्य करते हुए 27 गेहूं किस्मों का विकास किया है। डॉ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह को उनकी कृषि क्षेत्र की विशिष्ट सेवाओं के लिए दर्जनों राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2025 में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कृषि विज्ञान में उनके अति विशिष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार के अंतर्गत विज्ञान श्री पुरस्कार से सम्मानित किया है। इसके इतर नवनियुक्त कुलपति डॉ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह को वर्ष 2016 का पाल स्वर्ण पदक , इसी वर्ष राव बहादुर विश्वनाथ स्मारक पुरस्कार, वर्ष 2014 का वी एस माथुर स्मारक पुरस्कार, भारतीय आनुवांशिकी और पादप प्रजनन सोसायटी नई दिल्ली द्वारा कृषि में उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए ए आई एस ए राष्ट्रीय पुरस्कार 2019 तथा इसी वर्ष में युवा किसान संघ द्वारा सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिक पुरुस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। नवनियुक्त कुलपति डॉक्टर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह अभी भारत सरकार के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए इंग्लैंड के दौरे पर हैं। उनके निकट संबंधियों द्वारा बताया गया कि वहां से 13 फरवरी को लौटने के उपरांत वह अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।