पीओके और अक्साई चीन पर अमेरिका का यू-टर्न, पहले बताया था भारत का हिस्सा; अब डिलीट की पोस्ट

वॉशिंगटन  अमेरिका ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) और अक्साई चिन को लेकर सामने आए एक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद अपना रुख स्पष्ट किया है। भारत-अमेरिका ट्रेड डील के ऐलान के बाद अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारत का एक नक्शा साझा किया था। इस नक्शे में जम्मू-कश्मीर का पूरा क्षेत्र, जिसमें पीओके भी शामिल है, साथ ही चीन के नियंत्रण वाले अक्साई चिन को भारत का हिस्सा दिखाया गया था। हालांकि बाद में यूएसटीआर ने यह पोस्ट हटा ली।
ट्रेड डील की घोषणा के बाद साझा किए गए इस नक्शे को लेकर कूटनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई थी। नक्शे में जम्मू-कश्मीर के संपूर्ण क्षेत्र को भारत का अभिन्न हिस्सा दर्शाया गया था। साथ ही अक्साई चिन, जिस पर चीन नियंत्रण रखता है और दावा करता है, उसे भी भारतीय क्षेत्र के रूप में दिखाया गया था।
नई दिल्ली लगातार यह दोहराती रही है कि जम्मू-कश्मीर का पूरा केंद्र शासित प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है। भारत का यह भी कहना है कि ऐतिहासिक तथ्यों और पूर्व समझौतों के आधार पर अक्साई चिन उसका क्षेत्र है। दूसरी ओर, चीन समय-समय पर अपने मानक नक्शे जारी करता रहा है, जिनमें वह अरुणाचल प्रदेश, अक्साई चिन, ताइवान और दक्षिण चीन सागर के विवादित इलाकों पर दावा जताता है।
उल्लेखनीय है कि भारत और अमेरिका ने हाल ही में द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के लिए एक ढांचा तैयार करने की घोषणा की है। इस ढांचे के तहत दोनों देश कई वस्तुओं पर आयात शुल्क में कटौती करेंगे, जिससे द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।