पैकोलिया क्षेत्र की घटना को लेकर एसपी को सौंपा ज्ञापन, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

पैकोलिया क्षेत्र की घटना को लेकर एसपी को सौंपा ज्ञापन, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

 

बस्ती। पैकोलिया थाना क्षेत्र में एक पांच वर्षीय नाबालिग दलित बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म की घटना को लेकर सोमवार को जनपद में आक्रोश देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय लोगों ने नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक बस्ती को ज्ञापन सौंपकर घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे लोगों ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज को झकझोरने वाली हैं और ऐसे मामलों में त्वरित व सख्त कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की जाए तथा आरोपित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही ज्ञापन में जनपद में बाहर से आकर फेरी लगाने वाले, कबाड़ खरीदने वाले, खाद्य सामग्री बेचने वाले एवं अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन की मांग भी उठाई गई। लोगों का कहना था कि जिले में बाहरी व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन नियमित रूप से कराया जाए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सके। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि किराए पर रहने वाले बाहरी लोगों का भी विधिवत सत्यापन कराया जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि जनपद में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि आम जनता की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए।

पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने और त्वरित न्याय दिलाने की भी मांग की गई। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है तथा दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।