महर्षि वशिष्ठ आश्रम में रामायण कथा हेतु भूमि पूजन सम्पन्न, 18 से 26 फरवरी तक होंगे भव्य धार्मिक कार्यक्रम
बढ़नी मिश्र गांव स्थित वशिष्ठ आश्रम में कथा स्थल का भूमि पूजन, 11 फरवरी को निकलेगी आमंत्रण रथयात्रा
बस्ती। गोटवा कस्बे के निकट बढ़नी मिश्र गांव स्थित महर्षि वशिष्ठ आश्रम में 18 से 26 फरवरी तक प्रस्तावित श्री वशिष्ठ रामायण कथा एवं विविध धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियों का शुभारंभ सोमवार को विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर किया गया। कथा स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के साथ आयोजन का श्रीगणेश हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बन गया।
भूमि पूजन कार्यक्रम के मुख्य यजमान भागवत प्रसाद मिश्र, कपीश मिश्र एवं श्रीमती ऊषा मिश्र रहे। वहीं अयोध्या धाम के महापौर एवं तीन कलश मंदिर के महंत गिरिजेश पति त्रिपाठी ने विधिवत पूजन-अर्चन कर आयोजन का शुभारंभ कराया। भूमि पूजन के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन में भाग लेकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया।
इस अवसर पर महंत गिरिजेश पति त्रिपाठी ने कहा कि महर्षि वशिष्ठ की पावन भूमि आज लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनती जा रही है। देशभर में इस स्थान के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को लेकर चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि बस्ती जनपद की धरती ने दुनिया को भगवान राम दिया और गुरु वशिष्ठ ने उन्हें शिक्षा देकर मर्यादा पुरुषोत्तम बनाया। अयोध्या में भव्य और दिव्य राम मंदिर की स्थापना के बाद गुरु वशिष्ठ की इस पावन धरती का महत्व और अधिक बढ़ गया है तथा यहां से क्षेत्र के विकास की अनंत संभावनाएं जुड़ी हैं।
उन्होंने आगामी रामायण कथा को सफल और सार्थक बनाने के लिए क्षेत्रवासियों से बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की। आयोजन को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और सैकड़ों श्रद्धालु इसकी तैयारियों में जुटे हैं।
आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए मुख्य सेवादार राना दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि 11 फरवरी को सुबह 9 बजे वशिष्ठ आश्रम से आमंत्रण रथयात्रा निकाली जाएगी, जो अयोध्या पहुंचेगी। वहां भगवान राम के परिवार सहित अन्य विशिष्ट जनों को कथा श्रवण के लिए आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय भगवान राम के परिवार की ओर से आमंत्रण स्वीकार करेंगे।
राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि पूरा आयोजन दिव्य और भव्य होगा, जिसमें दूर-दूर से संत-महात्मा और श्रद्धालु शामिल होंगे। सैकड़ों सेवादार आयोजन को सफल बनाने के लिए मनोयोग से कार्य कर रहे हैं। भूमि पूजन के साथ ही कार्यक्रमों की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है और आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन आयोजित किए जाएंगे।
भूमि पूजन के उपरांत कलाकारों ने मनमोहक भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का संचालन मयंक श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर सत्यनारायण मिश्र, साधना मिश्र, ज्ञानेन्द्र पाण्डेय ‘ज्ञानू’, श्रीमती मंजू पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष सतीश मिश्र, गुरूदत्त मिश्र, संतोष मिश्र, विजय मिश्र, राकेश मिश्र, पंडित सरोज कुमार मिश्र, अभिषेक पाण्डेय, चन्द्रमणि मिश्र, आशीष सिंह, कैलाश मोहन श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव, रणजीत सिंह, श्रुति अग्रहरि, धीरज सरीन समेत क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।