महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। पावन नगरी अयोध्या स्थित सरयू विहार कुंज मंदिर में शनिवार को एक भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में रसिक पीठ के पीठाधीश्वर जनमेजय शरण को विधिवत रूप से मंदिर का नया महंत घोषित किया गया। उनके महंत बनने की घोषणा होते ही उपस्थित संत समाज और भक्तों के बीच हर्ष की लहर दौड़ गई। शिवम शरण को मिला पुजारी का दायित्व महंत की नियुक्ति के साथ ही मंदिर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए शिवम शरण को मंदिर का पुजारी नियुक्त किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक धार्मिक विधि-विधान के बीच उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान पूरा परिसर ‘जय सियाराम’ के उद्घोष से गुंजायमान रहा।
दिग्गज संतों का मिला आशीर्वाद
समारोह में अयोध्या के विभिन्न मठों, अखाड़ों और मंदिरों से पधारे प्रतिष्ठित संत-महंतों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी संतों ने जनमेजय शरण का तिलक कर उन्हें आशीर्वाद दिया और आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में मंदिर की गौरवशाली परंपराएं और अधिक समृद्ध होंगी। इस अवसर पर अयोध्या तीर्थ पुरोहित धर्मान सेवा ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश महाराज ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और नवनियुक्त महंत को शुभकामनाएं दीं। भक्तिमय रहा वातावरण कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित संतों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान सरयू विहार कुंज परिसर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के वातावरण से ओतप्रोत रहा।