कुहरे में तेज रफ्तार कार बनी घातक, बाइक सवार शिक्षक गंभीर घायल
बस्ती। घने कुहरे और तेज रफ्तार का खतरनाक नतीजा सोमवार सुबह देखने को मिला। कोतवाली थाना क्षेत्र के रौता चौराहा निवासी अभय प्रताप सिंह (42) पुत्र पृथ्वीराज सिंह, जो पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय गोरखपुर में शिक्षक हैं, सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभय प्रताप सिंह शनिवार सुबह लगभग 06 बजे बाइक से ड्यूटी के लिए गोरखपुर जा रहे थे। परसा हज्जाम के पास घना कुहरा होने के कारण दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान आगे चल रहे एक वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे उन्होंने भी बाइक रोकने का प्रयास किया। तभी पीछे से तेज रफ्तार आ रही एक चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई।
घटना की सूचना मौके पर मौजूद नीलमणि तिवारी ने तत्काल 108 कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही जिला अस्पताल की 108 एंबुलेंस पर तैनात ईएमटी विवेक रंजन और पायलट घनश्याम वर्मा बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस में शिफ्ट कर जिला अस्पताल के लिए रवाना हुए।
रास्ते में हालत बिगड़ने पर 108 कंट्रोल में तैनात ईआरसीपी डॉक्टर हरीश द्विवेदी के निर्देश पर आवश्यक मेडिकल उपकरणों से प्राथमिक उपचार दिया गया। समय रहते उपचार मिलने से घायल शिक्षक को सुरक्षित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार अब उनकी स्थिति में सुधार है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।