एआरटीओ प्रियंबदा सिंह ने स्कूली वाहनों की अद्यतन स्थिति से कराया अवगत, एडीएम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित

एआरटीओ प्रियंबदा सिंह ने स्कूली वाहनों की अद्यतन स्थिति से कराया अवगत, एडीएम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित

 

जनपद के सभी स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश: एआरटीओ प्रियंबदा सिंह

 

अनफिट व 15 वर्ष पुराने स्कूली वाहनों पर होगी सख्त कार्रवाई, परमिट व फिटनेस की नियमित जांच अनिवार्य

 

जितेन्द्र पाठक

 

संत कबीर नगर, जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश के क्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विद्यालयों में संचालित स्कूली वाहनों एवं परिवहन व्यवस्था से संबंधित समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में एआरटीओ प्रियंबदा सिंह द्वारा जनपद के समस्त विद्यालयों में संचालित स्कूली वाहनों की परमिट, फिटनेस एवं अन्य अभिलेखों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यालय प्रबंधकों को निर्देशित किया कि यदि किसी विद्यालय का कोई वाहन बेचा जा चुका है अथवा निष्प्रयोज्य हो गया है, तो उसकी परमिट निरस्तीकरण हेतु परिवहन विभाग को अनिवार्य रूप से सूचित करें, ताकि संबंधित वाहन को सूची से हटाया जा सके। इस पर एडीएम द्वारा सभी विद्यालयों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि विद्यालय अपने स्कूली वाहनों को सड़क के किनारे खड़ा न करें, बल्कि विद्यालय परिसर अथवा समीप उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे यातायात बाधित न हो।

एडीएम ने निर्देश दिया कि समस्त विद्यालय अपने स्कूली वाहनों पर नियुक्त चालक एवं परिचालक को निर्धारित लाइट ग्रे रंग की वर्दी उपलब्ध कराएं, जिससे उनकी पहचान आसानी से हो सके। साथ ही सभी चालकों का लाइसेंस एवं चरित्र सत्यापन कराते हुए उसकी रिपोर्ट परिवहन विभाग को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। बिना फिटनेस के किसी भी वाहन के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

अपर जिलाधिकारी द्वारा परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि जनपद के समस्त स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, परमिट एवं फिटनेस की जांच नियमित अंतराल पर की जाए तथा अनफिट पाए जाने वाले वाहनों का चालान कर उन्हें तत्काल बंद कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विषय को अत्यंत गंभीरता से लिया जाए और किसी भी विद्यालय में एक भी अनफिट वाहन संचालित न हो। साथ ही 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों का चिन्हीकरण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर एआरटीओ प्रियंबदा सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, टीएसआई परमहंस सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।