प्रतापगढ़ में अवैध क्लीनिक पर छापा, सरकारी दवाएं मिलीं: कथित डॉक्टर गिरफ्तार, बिना पंजीकरण चल रहा था अस्पताल

प्रतापगढ़ में अवैध क्लीनिक पर छापा, सरकारी दवाएं मिलीं: कथित डॉक्टर गिरफ्तार, बिना पंजीकरण चल रहा था अस्पताल

 

 

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने हीरागंज बाजार स्थित मन्नत क्लीनिक पर छापा मारा। इस कार्रवाई में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक का भंडाफोड़ हुआ और छह बंडल सरकारी दवाएं बरामद की गईं। कथित डॉक्टर अरशद अहमद को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर रविवार को मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आजाद अहमद के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम, जिसमें डॉ. आर.पी. सिंह और डॉ. राजेश कुमार शामिल थे, ने महेशगंज पुलिस के साथ मिलकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि क्लीनिक न तो पंजीकृत था और न ही इसके संचालन के लिए कोई वैध दस्तावेज मौजूद थे। इसके अतिरिक्त, सरकारी अस्पतालों में वितरित की जाने वाली राजकीय औषधियों का अवैध भंडारण और वितरण भी प्रमाणित हुआ। पुलिस ने कुंडा बस स्टेशन रोड निवासी कथित डॉक्टर अरशद अहमद पुत्र डॉक्टर इजहार अहमद को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया।इस संबंध में महेशगंज थाने में धारा 318(4)/317(2) बीएनएस, धारा 27(ख)(II) औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 और धारा 34(2) राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम 2019 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी महेशगंज के नेतृत्व में संपन्न हुई।