प्रतापगढ़ में महिला की गला दबाकर हत्या: सौतेले बेटे पर FIR, मायके वालों से जमीन का विवाद चल रहा था
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक 55 वर्षीय महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। यह घटना रविवार देर रात गहरु का पुरवा (अब्दुल वाहिद गंज) में हुई। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतका की भाभी ने सौतेले बेटे समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। मृतका की पहचान उर्मिला देवी के रूप में हुई है। उनकी शादी सलवन कोतवाली के अमिलिहा सांडा गांव के राम मनोहर से हुई थी। उर्मिला को कोई संतान नहीं थी, जिसके बाद उनके पति ने दूसरी शादी की और उन्हें एक पुत्र हुआ। पति राम मनोहर की बीमारी से मृत्यु के बाद से ही उर्मिला का अपने ससुराल वालों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
विवाद के कारण उर्मिला पिछले सात साल से अपने मायके में भाभी उर्मिला देवी के साथ रह रही थीं। करीब चार साल पहले मृतका के भतीजे सचिन की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। रविवार देर शाम उर्मिला देवी और उनकी भाभी अलग-अलग कमरों में सोने चली गईं। इसके बाद किसी ने भाभी उर्मिला देवी के कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी। दूसरे कमरे में सो रही उर्मिला देवी की गला दबाकर हत्या कर दी। कुछ देर बाद जब भाभी उर्मिला देवी कमरे से बाहर निकलने के लिए उठीं तो उन्होंने देखा कि दरवाजा बाहर से बंद था। पड़ोसियों को आवाज देने पर दरवाजा खोला गया। अनहोनी की आशंका पर जब अंदर देखा गया तो उर्मिला अपने कमरे में मृत पड़ी थीं और उनकी नाक से खून बह रहा था। तत्काल नवाबगंज पुलिस को सूचना दी गई।
सौतेले बेटे के नाम FIR
नवाबगंज थाना अध्यक्ष संतोष सिंह और कुंडा सीओ अमरनाथ गुप्ता सहित आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। नवाबगंज एसएचओ संतोष सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है और मृतका के सौतेले बेटे उमा श्याम के नाम हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच पड़ताल कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।