मल्टीपर्पज़ आडिटोरियम में सम्पन्न हुआ व्यापारी संवाद कार्यक्रम
बहराइच 17 जनवरी। प्रदेश में व्यापारिक गतिविधियों के प्रोत्साहन, पंजीयन बेस एवं राजस्व वृद्धि तथा स्थानीय स्तर पर जीएसटी-2.0 सुधारों के प्रति जागरूकता हेतु उद्यमियों, करदाताओं एवं अन्य स्टेक होल्डर्स के साथ संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से राज्य कर विभाग, बहराइच द्वारा उत्थान ऑडीटोरियम में आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम का पूर्व जिला अध्यक्ष, भाजपा श्याम करन टेकरीवाल व अपर आयुक्त ग्रेड-2 (अपील), राज्य कर, गोण्डा संभाग, गोण्डा डॉ. श्याम सुन्दर तिवारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया गया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए उपायुक्त, राज्य कर अहमद यासिर ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। सहायक आयुक्त, राज्य कर, खण्ड-1 अजय कुमार वर्मा ने पंजीयन, समाधान योजना, मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना एंव ईंट भट्ठों से सम्बन्धित योजना के विषयों पर जानकारी प्रदान की। सहायक आयुक्त, राज्य कर, खण्ड-2 संदीप कुमार सिंह द्वारा रिटर्न दाखिला के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी से सभी को अवगत कराया गया। उपायुक्त (प्रशासन), राज्य कर सी.के. गौतम द्वारा जीएसटी 2.0 सुधारों के लाभ से सभी उपस्थित व्यापरी बन्धुओं का विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी।
संवाद सत्र के दौरान टैक्स बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश श्रीवास्तव द्वारा सुझाव दिया गया कि रिटर्न की प्रक्रिया-एक बार होनी चाहिए, विलम्ब शुल्क के साथ पेनाल्टी का प्राविधान न हो, रिटर्न फाइल करने में होने वाले विलम्ब का समय बढ़ाने का अधिकारी अधिकारियों को दिया जाना चाहिए, व्यापारियों के उत्पीड़न की कार्यवाही न की जाय एवं राजस्व वृद्धि के साथ व्यापारियों की समृद्धि भी हो। उ.प्र. उद्योग व्यापार मण्डल के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल द्वारा सुझाव दिया गया कि जीएसटी की अपील, व्यापारी के पंजीकृत क्षेत्र में सुनी जाये। सचल दल द्वारा छोटे-छोटे बिन्दुओं पर कार्यवाही न की जाये।
गल्ला व्यापार मण्डल अध्यक्ष प्रमोद डालमिया द्वारा सुझाव दिया गया कि विक्रेता व्यापारियों द्वारा रिटर्न न भरे जाने पर क्रेता व्यापारी को पुनः टैक्स देना पड़ता है। ऐसी दशा में क्रेता व्यापारी से दो बार टैक्स न लिया जाये। उ.प्र. उद्योग व्यापार मण्डल के महामंत्री बृजमोहन द्वारा सुझाव दिया गया कि होटल इण्डस्ट्रीज के टैक्स का सरलीकरण किया जाये। अन्त में मुख्य अतिथि श्याम करन टेकरीवाल द्वारा सुझाव दिया गया कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान लिए गोष्ठी का आयोजन किया जाय तथा रिर्टन भरने की प्रक्रिया का सरलीकरण किया जाये। संवाद कार्यक्रम के अन्त में उपायुक्त श्री गौतम द्वारा सभी अतिथियों एवं व्यापारियों का आभार ज्ञापित किया गया।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः