विवाहिता की संदिग्ध मौत: मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया, एक दिन पहले ही गई थी ससुराल
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के देल्हुपुर थाना क्षेत्र के पुरैला गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान ऊषा सरोज के रूप में हुई है, जो मायके से एक दिन पहले ही अपने ससुराल पहुंची थी। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया है। ससुराल पक्ष ने ऊषा के मायके वालों को फोन पर सूचना दी कि ऊषा ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। यह खबर सुनते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया और परिजन तुरंत बेटी के ससुराल पहुंचे। मौके पर पहुंचकर शव की हालत देखने के बाद उन्हें संदेह हुआ। इसके बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर ऊषा की हत्या का गंभीर आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही ऊषा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। कई बार सुलह का प्रयास किया गया, लेकिन ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला। मायके पक्ष का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। जानकारी के अनुसार, मृतका ऊषा सरोज की शादी लगभग 10 साल पहले वीरेंद्र सरोज से हुई थी। उसके दो छोटे बच्चे, बेटी नैंसी और बेटा लक्ष्य भी हैं, जिनका मां की मौत के बाद रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही देल्हुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।