NMMS परीक्षा में अखिलेश मौर्य ने जनपद में पाई 11वीं रैंक, महबूबगंज विद्यालय में हुआ भव्य सम्मान

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
मयाबाजार, अयोध्या। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) वर्ष 2025-26 के परिणामों में उच्च प्राथमिक विद्यालय महबूबगंज के छात्र अखिलेश मौर्य ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अखिलेश ने पूरे अयोध्या जनपद में 11वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि अपने माता-पिता और क्षेत्र का नाम भी रोशन किया है। परिश्रम से मिली सफलता
लालपुर के ग्राम दलेल का पूरा निवासी हरीराम मौर्य के पुत्र अखिलेश मौर्य की इस उपलब्धि पर विद्यालय में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के शिक्षकों ने छात्र को मिठाई खिलाकर उसका उत्साहवर्धन किया। प्रधानाध्यापक रामजी गुप्ता ने छात्र की सराहना करते हुए कहा, “अखिलेश ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। हमें पूर्ण विश्वास है कि वह भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।”
सफलता की निरंतरता
यह विद्यालय लगातार मेधावी छात्र तैयार कर रहा है। शिक्षकों ने बताया कि पिछले वर्षों में भी यहाँ के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है । वर्ष 2022-23: गरिमा (पुत्री मस्तराम) ने NMMS में सफलता पाई। वर्ष 2023-24: अंजलि (पुत्री आसाराम) ने परीक्षा उत्तीर्ण की।
वर्ष 2026: छात्रा नंदिनी (पुत्री जुगेश) को प्रतिष्ठित मानक इंस्पायर अवार्ड के लिए चुना गया।
प्रेरणा का स्रोत बने अखिलेश
सहायक अध्यापक मुकेश कुमार मिश्रा और जय प्रकाश प्रजापति ने बताया कि अखिलेश शुरू से ही अनुशासित और मेहनती छात्र रहा है। उसकी सफलता अन्य बच्चों को यह संदेश देती है कि सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर अनुचर इन्द्रबली, रसोइया सुनीता, सोमवती और विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अखिलेश के पिता हरीराम मौर्य ने विद्यालय के शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन से ही उनके बेटे का सपना साकार हुआ है।