बसपा सुप्रीमो मायावती के जन्मदिन पर मंडलीय समारोह, बस्ती में होगा भव्य आयोजन
– आज पंडित अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह बस्ती में बसपा सुप्रीमो मायावती का जन्मदिन समारोह में जुटेगा जनसैलाब
बस्ती ( अनुराग लक्ष्य न्यूज ) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के भावी प्रत्याशी 310 बस्ती सदर लवकुश पटेल ने बसपा सुप्रीमो बहन मायावती को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 जनवरी को उनका जन्मदिन बस्ती जनपद में भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम पंडित अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह, बस्ती में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मंडलीय स्तर का विशाल आयोजन होगा।
लवकुश पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मंडलीय कार्यक्रम में बस्ती मंडल के अंतर्गत आने वाले बस्ती, संतकबीर नगर एवं सिद्धार्थनगर जनपदों से बसपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, समर्थक एवं आमजन भारी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी जिलों में तैयारियां जोरों पर हैं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
उन्होंने कहा कि बहन मायावती जी का जीवन संघर्ष, त्याग और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने हमेशा बहुजन समाज, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक एवं वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की है। उनका जन्मदिन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और बहुजन एकता को मजबूत करने का अवसर है।
लवकुश पटेल ने बताया कि जन्मदिन समारोह को बृहद एवं भव्य रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बहन मायावती के विचारों, नीतियों और संघर्षों पर वक्ताओं द्वारा प्रकाश डाला जाएगा। साथ ही बसपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया जाएगा। आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ संगठनात्मक गतिविधियां भी होंगी।
उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को सफल बनाएं। आपकी उपस्थिति से कार्यक्रम को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि बसपा कार्यकर्ता अनुशासन और एकता के साथ कार्यक्रम में भाग लें और बहन मायावती के संदेश को आगे बढ़ाएं।
अंत में लवकुश पटेल ने विश्वास जताया कि 15 जनवरी का यह जन्मदिन समारोह बस्ती मंडल के राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य में एक नया संदेश देगा और बसपा संगठन को और अधिक मजबूत करेगा।