जिलाधिकारी ने अस्थायी गो आश्रय स्थल सैदपुर भितरी का किया औचक निरीक्षण

जिलाधिकारी ने अस्थायी गो आश्रय स्थल सैदपुर भितरी का किया औचक निरीक्षण

अम्बेडकरनगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने विकासखंड अकबरपुर अंतर्गत संचालित अस्थायी गो आश्रय स्थल सैदपुर भितरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में संरक्षित गोवंशों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आश्रय स्थल में 120 गोवंश संरक्षित पाए गए। इसमें से छोटे गोवंशो/बछड़ों के लिए अलग बाड़ा बनाए जाने तथा नर गोवंशों हेतु अलग बाड़े में रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने गोवंशों हेतु भूसा एवं हरे चारे की उपलब्धता, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, ठंड से बचाव के लिए अलाव, काऊ कोट, शेड में पर्दों की व्यवस्था, बीमार पशुओं के उपचार की स्थिति तथा केयर टेकर रजिस्टर एवं गौशाला संचालन से संबंधित विभिन्न रजिस्टरों में अंकित विवरणों की जांच की। निरीक्षण में पाया गया कि गौशाला देखभाल हेतु 6 केयर टेकर तैनात किए गए हैं और उनकी शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है।

निरीक्षण के दौरान बीमार गोवंशों के उपचार की व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित पशुधन प्रसार अधिकारी विजय प्रकाश रावत के विरुद्ध निलंबन की कार्यवाही किए जाने हेतु मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया। इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को बीमार गोवंशों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध करने के निर्देश दिए। इसी के साथ ही उन्होंने आश्रय स्थल में सोलर भी लगाए जाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गो आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के भरण-पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं शासन के निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अकबरपुर एवं ग्राम पंचायत सचिव तथा सभी केयर टेकर आदि उपस्थित रहे।