आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची में वोटर्स स्वयं खोज सकते हैं अपना नाम 

आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची में वोटर्स स्वयं खोज सकते हैं अपना नाम

सूची में नाम न होने पर 06 फरवरी तक प्रस्तुत करना होगा प्रपत्र व घोषणा-पत्र

बहराइच 08 जनवरी। अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि अर्हता तिथि 01.01 2026 के आधार पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत 06 जनवरी, 2026 को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया गया है। श्री कुमार ने बताया कि आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम खोजने हेतु मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट सीईओउत्तर प्रदेश डाट एनआईसी डाट इन पर पॉप अप विंडों पर प्रदर्शित हो रहे लिंक विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 पर क्लिक करने पर मुख्य पृष्ठ खुलता है। इस विंडो में ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल एसआईआर 2026 में ईपीआईसी नंबर द्वारा अपना नाम खोजें नामक टैब पर क्लिक करने पर आगामी स्क्रीन में ईपिक नंबर शीर्षक वाले बॉक्स में अपना ईपिक नंबर टाइप करें, तदोपरान्त दिया गया कैप्चा टाइप करें और खोज नामक टैब पर क्लिक करने से यदि आलेख्य मतदाता सूची में आपका नाम मौजूद है, तो खोज परिणाम मतदाता सूची के उस हिस्से में जिले, विधानसभा क्षेत्र, मतदान केंद्र का नाम और आपका क्रम संख्या का विवरण देगा। यदि आपका नाम यूपी में किसी भी विधानसभा क्षेत्र की मसौदा मतदाता सूची में मौजूद नहीं है, तो यह नो रिजल्ट फाउड के साथ वापस आ जाएगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुमार ने बताया कि इसके अतिरिक्त वेब पोर्टल इलेक्टोरलसर्च डाट ईसीआई डाट जीओवी डाट इन पर जाएं और फिर ईपीआईसी नंबर नामक बाक्स में अपना ईपीआईसी नंबर टाइप करके अपना नाम खोजें टैब पर क्लिक करके दिए गए कैप्चा को टाइप करने के बाद सर्च पर क्लिक करें। परिणाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में आपकी प्राविष्टि का विवरण प्रदान करेगा, यदि आपका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में मौजूद है, अन्यथा यह नो रिजल्ट मिला प्रदर्शित करेगा।

श्री कुमार ने जिले के मतदाताओं को सुझाव दिया है कि उपरोक्त खोज परिणाम के आधार पर अपना नाम चेक कर लें, यदि आपका नाम आलेख्य मतदाता सूची में प्रदर्शित नहीं होता है, तो दावे एवं आपत्ति प्रस्तुत करने की अवधि 06 जनवरी से 06 फरवरी 2026 तक पदाभिहित स्थलों (मतदान केन्द्रों) पर पदाभिहित अधिकारी/बी.एल.ओ से फार्म प्राप्त कर फार्म भरकर घोषणा पत्र के साथ उन्हें उपलब्ध करा सकते हैं। इसके अलावा तहसील कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय से भी फार्म प्राप्त कर भर सकते हैं। इसी प्रकार आयोग के ईसीआईएनईटी मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट वोटर्स डाट ईसीआई डाट जीओवी डाट इन के माध्यम से आनलाइन भी फार्म-6, 7 व 8 घोषणा पत्र सहित सबमिट किया जा सकता है।

:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः