पुलिस मुठभेड़ में दो लुटेरों के पैर में लगी गोली
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के दिलीपपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़ हो गई। चौहर्जन पुल के पास जंगल में हुई इस मुठभेड़ में दो आरोपियों लवकुश ओझा और चांद के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके पास से ई-रिक्शा की बैटरी, दो देशी तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी चांद के खिलाफ दो और लवकुश के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है। यह मुठभेड़ शनिवार देर रात एक ई-रिक्शा चालक से हुई लूट के मामले में हुई। नगर कोतवाली क्षेत्र के पूर्वी सहोदरपुर जेल रोड निवासी सुनील कुमार विश्वकर्मा अपना ई-रिक्शा चला रहे थे। शनिवार आधी रात को मां बेल्हादेवी धाम रेलवे स्टेशन से चार लोगों ने सुनील का ई-रिक्शा 400 रुपये में दिलीपपुर थाना क्षेत्र के रामपुर आधारगंज गांव पहुंचाने के लिए बुक किया था। रामपुर आधारगंज के समीप सुनसान जगह पर चारों लोगों ने ई-रिक्शा रुकवा लिया। आरोप है कि उन्होंने सुनील को चाकू और तमंचा दिखाकर उसकी जेब से 700 रुपये नकद, मोबाइल फोन और ई-रिक्शा की बैटरी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। लूट के बाद रात करीब 2 बजे सुनील ने पास के गांव पहुंचकर मदद मांगी और एक ग्रामीण के मोबाइल से अपने भाई को सूचना दी। परिवार के लोगों के पहुंचने पर पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस ने जामताली बाजार सहित कई अन्य मार्गों पर बदमाशों की तलाश शुरू की। सुनील की तहरीर पर पुलिस ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच के लिए तीन टीमों का गठन किया था। पुलिस दिलीपपुर बाजार के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की पहचान का प्रयास कर रही थी।