*डीएम की अध्यक्षता में मेहदावल तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, 18 प्रकरणों का कराया गया तत्काल निस्तारण*
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर – जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में मेहदावल तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए राजस्व विभाग सहित अन्य सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य की शिकायतों को एक-एक कर सुनते हुए जिलाधिकारी ने शिकायत से सम्बंधित विभागीय अधिकारी को मौके पर बुला कर तत्काल निस्तारित करने अथवा भूमि विवाद/अन्य किसी विवाद की स्थिति में शिकायतकर्ता सहित सभी पक्षों की उपस्थिति में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिये।
जनपद के तीनों तहसीलों में कुल 117 फरियादियों के विभिन्न मामलों से संबंधित प्रार्थना पत्रों की सुनवाई हुई, जिसमें से 18 प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कराया गया और 13 मामलों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण हेतु टीम भेजी गई।
*संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान पुलिस विभाग से सम्बंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें सभी थानाध्यक्ष – एसपी*
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्यवाही की जाय। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार यह सुनिश्चित कराया जाय कि पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय मिल सके।