प्रयागराज। कीडगंज थाना क्षेत्र में एक आईएएस के मकान को किराए पर ले कर सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। रविवार को पुलिस रेड में 4 लड़कियां और 5 लड़के आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए। पुलिस ने सभी को हिरासत में थाने लेकर गई है।
मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह रैकेट कब से चल रहा था। इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कीडगंज की नई बस्ती में आईएएस वंदना त्रिपाठी का दो मंजिला मकान है। पिछले कई महीनों से इस मकान में लड़के- लड़कियों का आना-जाना लगा रहता था। रात में भी कई लोग आते-जाते थे। इस पर आसपास रहने वाले लोगों को शक हुआ। उन्होंने रविवार को कीडगंज थाना पुलिस को सूचना दे दी।
पता चलते ही रविवार दोपहर करीब 2 बजे थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह और एसीपी राजीव यादव ने मकान पर छापा मारा। घर में छापा पड़ने का पता चलते ही अंदर मौजूद लड़के-लड़कियों ने दरवाजा बन्द कर लिया और की बार कहने के बावजूद नहीं खोला। इसके बाद पुलिसवालों ने दरवाजा तोड़ दिया। पुलिस जब अंदर पहुंची, तो अलग-अलग कमरों में लड़के-लड़कियां आपत्तिजनक हालत में मौजूद थे।
पुलिस को देखकर सभी आसपास खुद चादर या दूसरे कपड़ों से ढंकने लगे। पुलिस को कमरे के अंदर आपत्तिजनक सामान भी मिला। पुलिस ने 2 कमरों से 4 लड़कियों और 4 लड़कों को हिरासत में ले लिया। वहीं, बाहर बैठकर पहरेदारी कर रहे सरगना को भी पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों में मयंक कुशवाहा (19), अनुज मिश्रा (23), सैफुल सिद्दीकी (23), अतुल कुमार (35) सभी प्रयागराज के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार सरगना का नाम सर्वेश द्विवेदी है। वह प्रयागराज में दरियाबाद के अतरसुइया का रहने वाला है। सर्वेश ने पुलिस को बताया- मैंने आईईआरएस अमिताभ शर्मा और आईएएस वंदना त्रिपाठी से 3 महीने पहले 15 हजार रुपए महीने किराए पर मकान लिया था। इसका मैंने एग्रीमेंट भी कराया था कि फैमिली के साथ रहूंगा। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्वेश 10-15 दिन के लिए अपने परिवार को इस घर में लेकर आया था। इसके बाद यहां संदिग्ध गतिविधियां शुरू हो गईं। इससे मोहल्ले वालों को भी परेशानी हो रही थी। बच्चों पर भी बुरा असर पड़ रहा था।